गिरिडीह : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में दो दिनों से लापता 11वीं की छात्रा का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा का शव बरगंडा पुराने पुल के पास उसरी नदी के नीचे बरामद हुआ। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान पायल कुमारी के रूप में हुई है। वह सिरसिया स्थित वार्ड नंबर 12 की रहने वाली थी। पायल पढ़ाई के साथ-साथ सिलाई प्रशिक्षण लेती थी और बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाती थी।

ट्यूशन और सिलाई प्रशिक्षण के लिए निकली थी छात्रा

परिजनों के अनुसार पायल सोमवार सुबह घर से ट्यूशन और सिलाई प्रशिक्षण के लिए निकली थी। वह रोजाना दोपहर तक घर लौट आती थी, लेकिन उस दिन तय समय तक वापस नहीं पहुंची।

जब घरवालों ने फोन किया तो उसने बताया कि वह ब्लॉक से निकल रही है और जल्द घर पहुंच जाएगी। इसके कुछ देर बाद दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला।

इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

पुलिस ने छात्रा के मोबाइल डिटेल और उसके परिचितों से पूछताछ शुरू की, लेकिन शुरुआती जांच में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला।

बुधवार सुबह बरगंडा पुराने पुल के नीचे उसरी नदी से छात्रा का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।

परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version