रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के साढ़े छह वर्षों का कार्यकाल युवाओं के सपनों, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती घोटालों के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।

सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की CBI जांच की मांग

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भाजपा की मांग है कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में आयोजित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से शिक्षा मंत्री के रूप में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की भी मांग की। साथ ही कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) पर गंभीर आरोप लगने के बाद आयोग के सभी सदस्यों को हटाकर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत नई नियुक्तियां की जानी चाहिए।

पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते पर भी उठाए सवाल

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते के खिलाफ गंभीर तथ्य सामने आने के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं होना जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि केवल निचले स्तर के लोगों की गिरफ्तारी से सच्चाई सामने नहीं आएगी और आयोग के शीर्ष पदों पर रहे अधिकारियों से कड़ी पूछताछ जरूरी है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तत्कालीन सहायक परीक्षा नियंत्रक के स्थानांतरण के बाद भी उन्हें विधिवत कार्यमुक्त नहीं किया गया तथा परीक्षा परिणाम पर अकेले हस्ताक्षर किए गए। साथ ही ब्लैकलिस्टेड एजेंसी के चयन का भी आरोप लगाया।

निजी एजेंसियों की भूमिका पर जताई आपत्ति

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (प्रक्रिया) नियमावली, 2002 तथा संविधान के अनुच्छेद 315, 316 और 320 के अनुसार निजी एजेंसियों को केवल तकनीकी और सहायक कार्यों तक सीमित रखा जा सकता है। परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, मूल्यांकन, मेरिट सूची तैयार करना और अंतिम चयन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। यदि इन कार्यों में निजी एजेंसियों की भूमिका रही है, तो इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता ने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड में जेपीएससी से जुड़े कथित मामलों पर कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे राजनीतिक चरित्र को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के मुद्दों पर राजनीति करने वाली कांग्रेस राज्य में भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े विवादों पर मौन है।

इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अजय राय भी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version