पलामू: झारखंड के पलामू जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नौडीहा बाजार के अंचल अधिकारी की सरकारी गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो अंचल अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए।

घायलों में नौडीहा बाजार के अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह, पिपरा के अंचल अधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह और वाहन चालक रवींद्र कुमार ठाकुर शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा

यह हादसा एनएच-98 फोरलेन सड़क पर मसिहानी स्थित बिरसा मुंडा चौक के पास हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, सरकारी वाहन सायरन बजाते हुए दाहिनी लेन से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रेलर चालक मोबाइल पर बात कर रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

घायलों को किया गया रेफर

हादसे के बाद सभी घायलों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।

संजय कुमार सिंह को सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि जितेंद्र कुमार सिंह का हाथ फ्रैक्चर हो गया है और उन्हें अंदरूनी चोटें भी आई हैं। चालक भी घायल हुआ है।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर तथा सरकारी वाहन को जब्त कर थाना ले गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

डीएसपी अवध कुमार यादव भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।

जनप्रतिनिधियों ने जाना हाल

हादसे की खबर मिलते ही नगर अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version