रांची: हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) प्रबंधन ने अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में संशोधन की घोषणा की है। प्रबंधन ने डीए बढ़ाकर 241.7 प्रतिशत कर दिया है। इस संबंध में एचईसी मुख्यालय के प्रशासन एवं कार्मिक विभाग की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है। संशोधित डीए 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा।
इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
प्रबंधन के आदेश के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ वर्ष 2007 के आईडीए वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों, यूनियनाइज्ड कामगारों, नॉन-यूनियनाइज्ड सुपरवाइजरों तथा अधिकारियों को मिलेगा।
उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर हुआ संशोधन
महंगाई भत्ते में यह संशोधन मार्च से मई 2026 के तिमाही औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर किया गया है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि डीए की गणना के दौरान 50 पैसे या उससे अधिक की राशि को अगले एक रुपये में पूर्णांकित (राउंड ऑफ) किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम की राशि को गणना में शामिल नहीं किया जाएगा।
प्रबंधन की मंजूरी के बाद जारी हुआ आदेश
एचईसी प्रबंधन ने संशोधित महंगाई भत्ते को पहले ही स्वीकृति दे दी थी। इसके बाद प्रशासन एवं कार्मिक विभाग ने औपचारिक आदेश जारी कर इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इससे कर्मचारियों के वेतन में महंगाई भत्ते के मद में बढ़ोतरी होगी।
