हजारीबाग : जिले में अड्डेबाजी और मनचले युवकों पर लगाम लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने बीती रात विशेष अभियान चलाया। एसपी अमन कुमार के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने कई इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान 51 मनचले युवकों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। बाद में सभी को पीआर बॉन्ड पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

39 टीमों ने चलाया विशेष अभियान

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 6 और 7 मई की रात जिलेभर में यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिले के सभी डीएसपी और इंस्पेक्टर कर रहे थे।

विशेष अभियान के लिए कुल 39 टीमों का गठन किया गया था, जिनमें 176 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस टीमों ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उन स्थानों पर कार्रवाई की, जहां अक्सर युवकों की भीड़ लगने और लोगों को परेशान करने की शिकायत मिलती थी।

119 ठिकानों पर हुई छापेमारी

अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 119 स्थानों पर सघन जांच और छापेमारी की गई। कई जगहों पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की।

कार्रवाई के दौरान 51 ऐसे युवकों को पकड़ा गया, जो सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी करते और राहगीरों को परेशान करते पाए गए। सभी युवकों को थाना लाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एसपी अमन कुमार ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके इलाके में कहीं अड्डेबाजी हो रही है या मनचले युवकों की वजह से परेशानी हो रही है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version