कोडरमा जिले में हजारीबाग एसीबी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक कर्मी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है।

5 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तारी

एसीबी टीम ने आरोपी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे हजारीबाग ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

शिकायतकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप

शिकायतकर्ता राजू यादव, निवासी सपही गांव (डोमचांच), ने बताया कि उनका नीरू पहाड़ी के पास एक ऐश ब्रिक्स प्लांट था, जिसके लिए उन्होंने कॉमर्शियल बिजली कनेक्शन लिया था। बाद में प्लांट बंद करने के बाद उन्होंने कनेक्शन कटवाने और सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए बिजली कार्यालय के कई चक्कर लगाए।

15 हजार की मांग, 5 हजार में तय हुआ सौदा

शिकायत के अनुसार, इस दौरान उनकी मुलाकात लाइनमैन सुनील कुमार से हुई। आरोप है कि कनेक्शन बंद करने और सिक्योरिटी मनी दिलाने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की गई थी, जो बाद में 5 हजार रुपये पर तय हुई।

एसीबी ने जाल बिछाकर पकड़ा

पीड़ित की शिकायत के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग ने जांच की और जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने बिजली कार्यालय के पास रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version