रांची: रांची रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने अलग-अलग अभियानों के तहत तीन महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम दिया। इन कार्रवाइयों में रांची रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसली एक महिला की जान बचाई गई, हटिया स्टेशन पर अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई और लोहरदगा में आत्महत्या का प्रयास करने वाली एक नाबालिग को सुरक्षित बचाकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
चलती ट्रेन में फिसली महिला की बचाई जान
रांची रेलवे स्टेशन पर इस्लामपुर-हटिया एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई।
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल रूपेश कुमार गुप्ता ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। सुरक्षित होने के बाद महिला अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
हटिया स्टेशन पर 44 बोतल अवैध शराब जब्त
आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18624 के वातानुकूलित कोच की जांच के दौरान दो लावारिस बैग मिले।
बैगों की तलाशी लेने पर उनमें 44 बोतल अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 43,600 रुपये बताई गई। काफी देर तक किसी दावेदार के सामने नहीं आने पर आरपीएफ ने शराब जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया।
नाबालिग को बचाकर परिजनों से मिलाया
लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर चोपन-रांची एक्सप्रेस से एक 16 वर्षीय किशोरी चलती ट्रेन से कूद गई। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और घायल किशोरी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया।
पूछताछ के दौरान किशोरी ने बताया कि परिवार और विद्यालय में डांट-फटकार से परेशान होकर वह घर छोड़कर निकल गई थी और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का प्रयास किया।
उपचार और बाल कल्याण समिति की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरपीएफ ने किशोरी को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।
रेलवे सुरक्षा बल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और मानवीय सहायता के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

