रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत करीब 12 किलोग्राम गांजा बरामद कर उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, वहीं ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत घर से भागी 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू कर चाइल्डलाइन के हवाले किया गया।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन नारकोस के दौरान स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए एक युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को सौंप दिया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत रेलवे स्टेशन पर अकेली और संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को आरपीएफ ने सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ में पता चला कि वह घर छोड़कर चली आई थी। इसके बाद आरपीएफ ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए बच्ची को चाइल्डलाइन के सुपुर्द कर दिया, ताकि उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
रेलवे सुरक्षा बल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, नशे की तस्करी पर रोक और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
