रांची: रेलवे सुरक्षा बल ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। रांची रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत कार्रवाई

आरपीएफ द्वारा ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत 3 अप्रैल को रांची रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर की गई।

इस दौरान आरपीएफ पोस्ट रांची और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त रूप से ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस के ए-1 कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति को चिन्हित किया।

बैग से बरामद हुई 18 बोतल शराब

जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्ति सीट संख्या 31 पर काले रंग के ट्रॉली बैग और पिट्ठू बैग के साथ बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेंद्र सिंह (72 वर्ष) बताया, जो पटना के दौलतपुर फतुहा का निवासी है।

तलाशी लेने पर उसके बैग से कुल 18 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।

बिहार ले जाकर बेचने की थी योजना

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब रांची के रातू क्षेत्र से खरीदी थी और ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दाम पर बेचने की योजना बना रहा था।

आबकारी विभाग को सौंपा गया

आरपीएफ ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और 4 अप्रैल को जब्त शराब के साथ आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग रांची को सौंप दिया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सूरज पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, डी. प्रसाद और आर.के. सिंह की अहम भूमिका रही।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version