रांची: राजधानी रांची में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुढ़मू अंचल के अंचल अधिकारी सचिदानंद वर्मा, कर्मचारी राजेश कुमार और उनके एक सहयोगी को हिरासत में लिया है। तीनों पर सरकारी कार्य के बदले कथित रूप से रुपये मांगने और लेने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए एसीबी मुख्यालय ले जाया गया, जहां उनसे मामले के संबंध में पूछताछ जारी है।
रिश्वत लेने के आरोप में हुई कार्रवाई
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई सरकारी काम कराने के बदले कथित तौर पर रिश्वत लेने की शिकायत के आधार पर की गई है। मामले में अंचल अधिकारी सचिदानंद वर्मा, कर्मचारी राजेश कुमार और उनके एक सहयोगी की भूमिका की जांच की जा रही है।
एसीबी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारियों ने मामले पर आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में कितने लोगों की गिरफ्तारी होगी और क्या अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आती है।
एसीबी की कार्रवाई के बाद पूरे मामले पर सभी की नजर बनी हुई है। उम्मीद की जा रही है कि जांच पूरी होने के बाद एजेंसी इस मामले में विस्तृत जानकारी साझा करेगी।
