बोकारो में एसीबी की बड़ी कार्रवाई
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की धनबाद टीम ने बोकारो जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित एएसआई अयूब अंसारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नया मोड़ इलाके में की गई।
जानकारी के अनुसार, एएसआई अयूब अंसारी बालीडीह थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधानकर्ता थे। आरोप है कि उन्होंने केस डायरी कमजोर करने और आरोपी को राहत देने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने मामले की शिकायत एसीबी धनबाद से कर दी।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएसपी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाकर जाल बिछाया गया। पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की राशि लेकर नया मोड़ पहुंचा। जैसे ही उसने केमिकल लगे नोट एएसआई अयूब अंसारी को दिए, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
हाथ धुलवाने पर पानी हुआ गुलाबी
कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद की। इसके बाद जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो पानी का रंग गुलाबी हो गया। अधिकारियों के अनुसार यह इस बात का प्रमाण है कि आरोपी ने रिश्वत की रकम को छुआ था।
गिरफ्तारी के बाद धनबाद ले गई टीम
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है। एसीबी अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
