जामताड़ा : साइबर अपराध के लिए देशभर में चर्चित जामताड़ा जिले में पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह और शेखपुरा के बीच स्थित जंगल इलाके में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बाद में कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
9 मोबाइल और 22 सिम कार्ड जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 9 मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इन उपकरणों का उपयोग लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी करने के लिए किया जा रहा था। बरामद सामान को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया गया है।
साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच शुरू
गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके पीछे कोई बड़ा संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किन-किन तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे और उनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में साइबर अपराध से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें। बैंक खाता, ओटीपी, एटीएम कार्ड या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जामताड़ा में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और साइबर ठगी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

