रांची: भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के प्रस्तावित घेराव से पहले झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस नेता एवं राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
इरफान अंसारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने “बेशर्मी की हद पार कर दी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “हमारे युवा आज सड़कों पर हैं और उन पर गोलियां चलाई जा रही हैं।” उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, “तुमने गोलियां चलाई हैं, आज डंडा चलेगा… आओ।”
“युवाओं का जोश नहीं दबाया जा सकता”
इरफान अंसारी ने कहा कि सत्ता के बल पर आवाजों को कुछ समय के लिए दबाया जा सकता है, लेकिन युवाओं के लहू का जोश कभी खत्म नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अब समय निर्णायक संघर्ष का है और इसका फैसला मैदान में होगा।
भाजपा के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय घेराव कार्यक्रम से पहले मंत्री के इस बयान को लेकर राज्य की राजनीति और अधिक गरमा गई है। फिलहाल भाजपा की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
