रांची/असम: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को असम के खुमताई में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी अमित नाग के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने तीर-धनुष चुनाव चिन्ह को जनता के संघर्ष और सम्मान का प्रतीक बताया।

तीर-धनुष को बताया स्वाभिमान का प्रतीक

सभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि असम के खुमताई क्षेत्र की जनता सदियों से शोषण और वंचना का सामना करती आई है। उन्होंने कहा कि वे इस संघर्ष में जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं।

उन्होंने कहा, “तीर-धनुष सिर्फ एक चुनाव चिन्ह नहीं है, बल्कि यह आपके संघर्ष, सम्मान और स्वाभिमान की पहचान है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे झामुमो प्रत्याशी अमित नाग को भारी मतों से विजयी बनाएं।

चाय बागान श्रमिकों की स्थिति पर जताई चिंता

इससे पहले मुख्यमंत्री ने नाहरकटिया विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर चाय बागानों में कार्यरत श्रमिकों और आदिवासी समाज की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में काम कर रहे श्रमिकों की पीड़ा सुनकर वे अत्यंत व्यथित हुए हैं।

हेमंत सोरेन ने कहा कि चाय बागान श्रमिकों को सम्मानजनक जीवन, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा मिलना उनका अधिकार है। उन्होंने आदिवासी समाज को देश की आर्थिक रीढ़ बताते हुए उनके अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही।

संजय बाघ के समर्थन में भी की अपील

मुख्यमंत्री ने नाहरकटिया क्षेत्र में झामुमो प्रत्याशी संजय बाघ के समर्थन में भी लोगों से वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि तीर-धनुष पर वोट देकर सामाजिक न्याय और जनसेवा की लड़ाई को मजबूत करें।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version