रांची: पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के झारग्राम जिले के गोपीबल्लभपुर में भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत
इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और सम्मान के लिए संघर्ष करते हुए अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान आज भी सामाजिक न्याय, आत्मसम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सनातन सिंह, मरकेश्वर सिंह, धर्मराज सिंह, पूर्णचंद्र पड़िहारी, संजय सिंह, अनुरण सेनापति, चंडी चरण साव, गणेश सोलंकी, नंदकिशोर सिंह मुंडा, कमलकांत सिंह और रोहित कुईला समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को समाज तक पहुंचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी दोहराया।
