चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का अभियान तेज हो गया है। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए आईईडी विस्फोट किया, जिसमें कोबरा बटालियन-210 के जवान अभिनव कुमार मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है।
छोटानागरा क्षेत्र में लगातार मुठभेड़
यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र की है, जहां पिछले दो दिनों से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। बुधवार को भी बालिबा और आसपास के इलाकों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए रांची भेजा गया था।
IED ब्लास्ट के बाद बढ़ी सतर्कता
ताजा आईईडी विस्फोट के बाद इलाके में तनाव और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं। सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
नक्सलियों के घेराबंदी की रणनीति
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अभियान में कुख्यात नक्सली नेता मिसिर बेसरा की घेराबंदी कर दी गई है। सुरक्षाबल उसे चारों ओर से दबोचने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि उसके साथ अन्य शीर्ष नक्सली भी इलाके में मौजूद हैं।
निर्णायक चरण में अभियान
अधिकारियों का कहना है कि सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों की संख्या अब काफी कम रह गई है और उनकी गतिविधियां सीमित क्षेत्रों तक सिमट गई हैं। ऐसे में यह अभियान निर्णायक मोड़ पर है और जल्द ही बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
