रांची: राजधानी रांची के कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास एक ऑटो चालक को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चलाने से इनकार करने पर चालक समीर उर्फ सोनू पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

10 वर्षों से चला रहा था ऑटो

जानकारी के अनुसार, समीर उर्फ सोनू पिछले करीब 10 वर्षों से नामकुम निवासी मो. असलम का ऑटो चलाता था। 11 जुलाई को उसने असलम से आगे ऑटो नहीं चलाने की बात कही। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि असलम ने समीर को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पेट्रोल डालकर लगाई आग

पीड़ित के भाई मो. आरिफ उर्फ गुड्डू द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 11 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास मो. असलम के बेटे मो. रूमन और सिंटू मिस्त्री ने समीर पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी। इस हमले में समीर की दोनों कलाई, बांह, छाती और पेट गंभीर रूप से झुलस गए।

रिम्स में चल रहा इलाज, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलने के बाद लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल समीर को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version