रांची: पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से हुए सुसज्जित

भारतीय रेलवे की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रांची रेल मंडल के पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। दोनों स्टेशनों का उद्घाटन 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।

यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दोनों स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पुनर्विकास के तहत दोनों स्टेशनों पर आकर्षक स्टेशन भवन, आधुनिक प्रवेश द्वार, एंट्रेंस पोर्च, रेट्रो-रिफ्लेक्टिव प्रकाश व्यवस्था, उन्नत प्लेटफॉर्म, विकसित प्लेटफॉर्म शेल्टर, बेहतर प्लेटफॉर्म सतह, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है।

इसके अलावा पंखों की सुविधा, स्टेशन पहुंच मार्ग का विकास, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, अत्याधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, प्रकाशित संकेतक, इंटरनेट आधारित निगरानी कैमरे, आरामदायक फर्नीचर तथा स्थानीय कला, संस्कृति और विरासत को दर्शाने वाले कलात्मक तत्व भी विकसित किए गए हैं।

दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं

प्रधानमंत्री के सुगम्य भारत अभियान के अनुरूप दोनों स्टेशनों को दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल बनाया गया है। यहां लिफ्ट, रैंप, हैंड रेलिंग, स्पर्श मार्ग, कम ऊंचाई वाले पेयजल बूथ, सुगम टिकट खिड़कियां, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, आरक्षित पार्किंग और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

पिस्का और मुरी स्टेशन पर अलग-अलग विशेष सुविधाएं

पिस्का रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक एवं आरामदायक प्रतीक्षालय का निर्माण किया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को बेहतर इंतजार की सुविधा मिलेगी।

वहीं मुरी रेलवे स्टेशन पर प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के प्रतीक्षालयों के साथ एक आधुनिक एग्जीक्यूटिव लाउंज भी बनाया गया है, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को अधिक आरामदायक सुविधाएं मिल सकेंगी।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया यह पुनर्विकास केवल स्टेशनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय, सुरक्षित और स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही इन आधुनिक स्टेशनों से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version