रांची: झारखंड में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आयुर्वेद चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। केंद्र सरकार द्वारा देश के तीन राज्यों में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने की घोषणा के बाद राजधानी रांची के इटकी प्रखंड में इसके लिए भूमि चयन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।

40 एकड़ भूमि चिह्नित करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अभियान निदेशक ने इटकी के अंचल अधिकारी को संस्थान की स्थापना के लिए 40 एकड़ भूमि चिह्नित कर उसकी मापी जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि हस्तांतरण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।

आयुर्वेद चिकित्सा और अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा

शशि प्रकाश झा ने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना से झारखंड में आयुर्वेद चिकित्सा को नई पहचान मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में आयुष चिकित्सा, उच्च शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित होंगे।

उन्होंने कहा कि संस्थान शुरू होने के बाद राज्य के लोगों को उन्नत आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें झारखंड में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कई अधिकारी रहे मौजूद

स्थल निरीक्षण के दौरान इटकी के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति और भूमि उपलब्धता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version