रांची : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून धीरे-धीरे सक्रिय होता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

हालांकि, बीते शनिवार और रविवार को राज्य के विभिन्न जिलों में वज्रपात की घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

मौसम केंद्र के अनुसार, रविवार को देवघर जिले के सिकटिया में सबसे अधिक 54.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कोलेबिरा में 40.2 मिलीमीटर, पपुनकी में 30.8 मिलीमीटर, नोआमुंडी में 23.6 मिलीमीटर, राजधनवार में 23.2 मिलीमीटर और पालकोट में 14.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में भी छिटपुट बारिश हुई।

वहीं, पलामू जिले का डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर रांची का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे कम था। राजधानी का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वज्रपात से पांच लोगों की मौत

लोहरदगा जिले के कैरो थाना क्षेत्र के सदाबे डुमरटोली गांव में रविवार को वज्रपात की चपेट में आने से विजय उरांव की ढाई वर्षीय पुत्री अंकिता उरांव की मौत हो गई।

गढ़वा जिले के रंका प्रखंड के दुधवल गांव में शनिवार शाम वज्रपात से शहबाज अंसारी (18 वर्ष) और फैजुन खातून (12 वर्ष) की जान चली गई। वहीं पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव और सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड में भी वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई।

अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई तक झारखंड के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

  • 29 जून: पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
  • 30 जून: राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और तेज हवा चल सकती है। वहीं कोडरमा, गिरिडीह और धनबाद के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
  • 1 जुलाई: पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां तथा रांची, बोकारो, खूंटी, रामगढ़ और आसपास के मध्य झारखंड के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version