रांची: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार कई जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, चतरा और लातेहार जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा 22 से 25 जुलाई के बीच भी राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

वज्रपात और हादसों में पांच लोगों की मौत

रविवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और अन्य हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। सरायकेला के नुवागोड़ा गांव में वज्रपात की चपेट में आने से रोशनी सुरीन और सोनू सरदार (32) की जान चली गई। वहीं चंपुआ थाना क्षेत्र के विष्णुपुर गांव में किसान मोहन चरण गिरि (55) की वज्रपात से मौत हो गई।

उधर, बोकारो जिले के गोमिया स्थित तेनुघाट डैम में मछली पकड़ने गए संतोष केवट उर्फ डमडम केवट (34) की डूबने से मौत हो गई। गुमला जिले के सिसई में भी वज्रपात की चपेट में आने से जयंती देवी (56) की जान चली गई।

24 घंटे में कई इलाकों में अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 76.8 मिमी वर्षा धनबाद के राजदह में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हेंदेगिर में 67.2 मिमी, नवाडीह में 67 मिमी, चाईबासा के जगन्नाथपुर में 65 मिमी, पुटकी में 57.2 मिमी और राजधनवार में 48.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

रांची में दो घंटे तक हुई लगातार बारिश

राजधानी रांची में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार बारिश हुई। कांके रोड, कांके, रातू रोड और बरियातू समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। वहीं मेन रोड, धुर्वा और डोरंडा सहित अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

एक जून से अब तक रांची में 421.6 मिमी, जमशेदपुर में 328.8 मिमी, डाल्टनगंज में 313.9 मिमी, चाईबासा में 358.9 मिमी और बोकारो में 242.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version