रांची: झारखंड ओपन यूनिवर्सिटी के नव-नियुक्त कुलपति प्रोफेसर अभय कुमार सिंह से मंगलवार को युवा आजसू और छात्र आजसू का एक प्रतिनिधिमंडल मिला। इस दौरान उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी गई और छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

छात्रहित के मुद्दों पर उठाई आवाज

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं, लंबित मामलों और पूर्व में उठे जांच संबंधी विषयों पर त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।

युवा आजसू के अजीत कुमार ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

आंदोलन की चेतावनी

छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि छात्रहित के मुद्दों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा।

सुधार की उम्मीद जताई

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, जवाबदेही और शैक्षणिक सुधार को नई दिशा मिलेगी।

इस मौके पर ओम वर्मा, अजीत कुमार, राजेश सिंह, सक्षम झा, अमन साहू समेत कई लोग उपस्थित रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version