रांची: राजधानी रांची में एक सितंबर से शुरू होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भर्ती प्रक्रिया को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और आधारभूत व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सेना के अधिकारी एमके शर्मा ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली 1 सितंबर से शुरू होकर लगभग 12 से 13 दिनों तक चलेगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया प्रतिदिन रात 12 बजे से शुरू होगी। इसे ध्यान में रखते हुए भर्ती स्थल पर पर्याप्त रोशनी, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा, स्वच्छता और बेहतर सैनिटेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने भर्ती स्थल पर एंबुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि दौड़ या अन्य शारीरिक गतिविधियों के दौरान किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

मानसून को देखते हुए विशेष इंतजाम

बारिश और मानसून की संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भर्ती स्थल पर वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, पर्याप्त विश्राम क्षेत्र, बैरिकेडिंग, आवश्यक स्थानों पर कार्पेट, बैठने की व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने को कहा।

बैठक में सदर एसडीओ कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, सदर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version