चाईबासा: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में एक दर्दनाक हादसे में कोबरा बटालियन के एक जवान की मौत हो गई। घटना सारंडा जंगल के बाबूडेरा कैंप में मंगलवार रात हुई।
तूफान के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, तेज तूफान के दौरान अचानक एक पेड़ जवान पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घायल जवान की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी थे। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
नक्सल विरोधी अभियान में थे तैनात
बताया जा रहा है कि जवान कोल्हान क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान में तैनात थे। घटना के बाद सुरक्षा बलों और अधिकारियों में शोक की लहर है।

