रांची : रांची रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब रेलवे सुरक्षा बल की एक महिला जवान ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से एक महिला यात्री की जान बचा ली। इस घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने महिला जवान की बहादुरी और सतर्कता की जमकर सराहना की।
जानकारी के अनुसार, रांची–बनारस एक्सप्रेस स्टेशन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। तभी महिला यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से गिरने की स्थिति में पहुंच गई।
महिला आरपीएफ जवान ने दिखाई बहादुरी
ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल की महिला कांस्टेबल साविता गारी ने तुरंत स्थिति को भांप लिया। बिना समय गंवाए उन्होंने महिला यात्री को पकड़कर सुरक्षित प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया।
महिला जवान की तेज प्रतिक्रिया और सतर्कता की वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
सतर्कता और त्वरित निर्णय की बनी मिसाल
इस घटना को ड्यूटी के दौरान सतर्कता और त्वरित निर्णय का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों और यात्रियों ने महिला आरपीएफ जवान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी से एक परिवार सुरक्षित बच गया।
