रांची: राजधानी रांची के रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर को अब झारखंड की पारंपरिक सोहराई कला से सजाया जाएगा। इस सौंदर्यीकरण कार्य के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने 1.15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है।
पिलरों और दीवारों पर उकेरी जाएगी कला
योजना के तहत कॉरिडोर के पिलरों, साइड वॉल और डाउन रैंप के हिस्सों पर सोहराई पेंटिंग बनाई जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञ कलाकारों का चयन जल्द किया जाएगा और कार्य शुरू किया जाएगा।
ढाई किलोमीटर लंबा है कॉरिडोर
यह एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग ढाई किलोमीटर लंबा है, जो रातू रोड चौक से पंडरा की ओर बना हुआ है। इसका एक हिस्सा पिस्का मोड़ से इटकी रोड की ओर भी जुड़ता है।
ट्रैफिक जाम से मिली राहत
इस कॉरिडोर का निर्माण शहर के पश्चिमी हिस्से में ट्रैफिक दबाव कम करने के उद्देश्य से किया गया है। इसके शुरू होने के बाद रातू रोड, पंडरा और इटकी रोड क्षेत्र में जाम की समस्या में काफी कमी आई है। प्रतिदिन हजारों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं।
जून से शुरू होगा काम
सौंदर्यीकरण का कार्य कचहरी स्थित नागा बाबा खटाल से लेकर रातू रोड, पिस्का मोड़ होते हुए ओटीसी मैदान तक किया जाएगा। इसके अलावा पिस्का मोड़ से इटकी रोड के डाउन रैंप को भी सजाया जाएगा। जून से इस कार्य के शुरू होने की संभावना है।
सांसद की मांग पर मिली मंजूरी
बताया जा रहा है कि रांची के सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की मांग पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
गौरतलब है कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन 25 जुलाई 2025 को किया गया था और इसके निर्माण पर करीब 558 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
