रांची : झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान से शुक्रवार को एक बेहद दुखद मामला सामने आया। अस्पताल के मनोरोग विभाग में भर्ती एक युवक की फंदे से लटकती हुई लाश मिलने से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा था। इसी समस्या के इलाज के लिए उसे रिम्स के मनोरोग विभाग में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था।

गमछे से बनाया था फंदा

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक ने गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या की। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया। मरीजों और परिजनों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा होती रही।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अस्पताल के अंदर यह घटना किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। वहीं अस्पताल प्रशासन भी मामले की आंतरिक जांच कर रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version