पलामू : झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया गांव में मंगलवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कोयला लदा हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पांकी-मेदिनीनगर मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार से जा रहा हाइवा अचानक बेकाबू हो गया और सीधे शिव साव के घर में घुस गया।

जोरदार आवाज से जागे ग्रामीण

हाइवा के घर से टकराने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से जाग गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घर के अंदर फंसे चालक को निकालने का प्रयास किया।

छत पर सो रहा था परिवार

जिस घर में हाइवा घुसा, उस समय परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि यदि परिवार नीचे कमरे में सो रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में घर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।

चालक को कटर मशीन से निकाला गया

हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन के अंदर ही फंस गया था। बताया जा रहा है कि उसका पैर गाड़ी में दब गया था। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कटर मशीन मंगाकर वाहन के हिस्से को काटा और चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस जांच में जुटी, मुआवजे की मांग

घटना की सूचना मिलते ही की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर भारी वाहनों की रफ्तार अक्सर तेज रहती है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। घटना के बाद गांव में कई घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग इस बात की चर्चा करते रहे कि यदि परिवार नीचे सो रहा होता तो हादसा बेहद भयावह हो सकता था।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version