डेस्क : मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पलामू जिले में योजना की 21वीं और 22वीं किस्त की राशि एक साथ जारी कर दी गई है। इसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 5,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार 10 जून से राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई और उसी दिन से लाभुकों के खातों में पैसे पहुंचने लगे।

बताया गया है कि पलामू जिले के 3 लाख 55 हजार से अधिक लाभुकों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से राशि भेजी गई है। लंबे समय से किस्त का इंतजार कर रही महिलाओं को इससे बड़ी राहत मिली है।

लंबे इंतजार के बाद मिली राहत

मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाएं 21वीं और 22वीं किस्त का लंबे समय से इंतजार कर रही थीं। अप्रैल और मई माह की किस्त को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। विभाग ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 जून को दोनों किस्तों की राशि जारी कर दी, जिसके बाद लाभुकों के खातों में रकम पहुंचनी शुरू हो गई।

गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल माह में योजना की 20वीं किस्त के रूप में 2,500 रुपये लाभुकों के खातों में भेजे गए थे। हालांकि अप्रैल और मई की किस्त मिलने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगने के कारण महिलाओं को इंतजार करना पड़ा। अब दोनों महीनों की राशि एक साथ जारी होने से लाभुकों को राहत मिली है।

किन लाभुकों को मिले 5,000 रुपये?

विभाग के अनुसार जिन लाभुकों को मार्च माह की किस्त अप्रैल में 2,500 रुपये के रूप में प्राप्त हुई थी, उन्हें अब अप्रैल और मई माह की दो किस्तों की राशि एक साथ भेजी गई है। इस प्रकार पात्र महिलाओं के खाते में कुल 5,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों का बैंक खाता आधार से लिंक है, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी महिला के खाते में अभी तक राशि नहीं पहुंची है, तो अगले एक-दो दिनों में भुगतान होने की संभावना है।

अन्य जिलों में भी जल्द पहुंचेगी राशि

पलामू में राशि जारी होने के बाद अब राज्य के अन्य जिलों में भी मंईयां सम्मान योजना की लंबित किस्तों का भुगतान शुरू करने की तैयारी की जा रही है। सरकार की इस पहल से लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी और उनके दैनिक खर्चों में मदद पहुंचेगी।

एकमुश्त 5,000 रुपये मिलने से लाभुक महिलाओं में खुशी का माहौल है। कई महिलाओं ने इसे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहायक बताया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version