जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक कार से 50 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

ओडिशा से झारखंड-बिहार तक फैला नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर के सोनारी झाबरी बस्ती निवासी भीम यादव और बिहार के भोजपुर निवासी राजकुमार पाल के रूप में हुई है। इनके पास से दो मोबाइल फोन और 3482 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के चिल्का झील क्षेत्र से गांजा लाकर झारखंड और बिहार के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे। यह पूरा नेटवर्क ओडिशा, झारखंड और बिहार तक फैला हुआ है।

कार की तलाशी में मिला गांजा

ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कार के जरिए गांजे की तस्करी की जा रही है। इसके बाद एक विशेष टीम गठित कर वाहनों की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान संदिग्ध टाटा पंच कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की से 25 पैकेट में कुल 50 किलो गांजा बरामद हुआ।

जेल भेजे गए आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया है।

अन्य तस्करों की तलाश जारी

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। पूछताछ में आरोपियों ने कई नाम बताए हैं, जिनमें कुछ जमशेदपुर के स्थानीय लोग भी शामिल हैं। पुलिस इन सभी की पहचान कर कार्रवाई करने में लगी हुई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version