रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए संचालित पांच नियमित उड़ानों का परिचालन 1 जुलाई से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार और इंडिगो एयरलाइंस की एक उड़ान शामिल है। एयरलाइन कंपनियों ने एयर टर्बाइन ईंधन की बढ़ती लागत और विमानों की कमी को इस निर्णय का प्रमुख कारण बताया है। यह व्यवस्था अगली सूचना तक प्रभावी रहेगी।
इन पांच उड़ानों का संचालन हुआ बंद
एयर इंडिया एक्सप्रेस की जिन उड़ानों का संचालन फिलहाल बंद किया गया है, उनमें दिल्ली-रांची-दिल्ली, हैदराबाद-रांची-मुंबई और मुंबई-रांची-हैदराबाद मार्ग की चार नियमित उड़ानें शामिल हैं।
इसके अलावा इंडिगो एयरलाइंस की रांची-कोलकाता मार्ग की एक नियमित उड़ान का संचालन भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
इन उड़ानों के बंद होने से रांची से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और कोलकाता आने-जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों का सहारा लेना पड़ सकता है। इसका असर विशेष रूप से व्यावसायिक यात्रियों, छात्रों और इलाज के लिए यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ने की संभावना है।
भुवनेश्वर-रांची उड़ान रही रद्द
मंगलवार को इंडिगो एयरलाइंस की भुवनेश्वर-रांची उड़ान तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि प्रभावित यात्रियों को पहले ही फोन के माध्यम से इसकी जानकारी दे दी गई थी।
खराब मौसम के कारण कई उड़ानें हुईं विलंबित
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण मंगलवार को रांची एयरपोर्ट से संचालित आधा दर्जन से अधिक उड़ानें निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं।
विलंब से उड़ान भरने वाली प्रमुख उड़ानों में रांची से मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली, पटना और कोलकाता जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस तथा इंडिगो की कई सेवाएं शामिल रहीं। खराब मौसम के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों को यात्रा से पहले उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह
एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी उड़ान की अद्यतन स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल एप या ग्राहक सेवा केंद्र से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
