रांची :झारखंड सरकार की ओर से सोमवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुल 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है और आने वाले समय में भी विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।

युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार रिक्त पदों पर बहाली प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी चयनित उम्मीदवार पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

रोजगार सृजन पर लगातार काम कर रही सरकार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री संजय यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में रोजगार सृजन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी देने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और इसी का परिणाम है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी विभिन्न विभागों में और नियुक्तियां की जाएंगी।

शिक्षकों की भूमिका समाज निर्माण में अहम

वहीं संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने नव नियुक्त शिक्षकों और महिला पर्यवेक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति के साथ समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ जाती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका समाज और आने वाली पीढ़ी को दिशा देने में सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसलिए सभी शिक्षक पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें।

शिबू सोरेन के योगदान का किया जिक्र

राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन और विकास में शिबू सोरेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उसी सोच और प्रतिबद्धता के साथ राज्य को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

समारोह के अंत में नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों ने सरकार के प्रति आभार जताया। कई चयनित उम्मीदवारों ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद नौकरी मिलने से उनके परिवार में खुशी का माहौल है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version