रांची : झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। चक्रधरपुर मंडल, बिलासपुर मंडल और मुरी स्टेशन पर चल रहे विकास एवं रखरखाव कार्यों के कारण रेलवे ने मेगा और पावर ब्लॉक लिया है। इसके चलते 9 मई से नवंबर तक अलग-अलग तारीखों में करीब 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कई ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से बाधित होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक और सिग्नल से जुड़े कार्य, बिलासपुर मंडल में निर्माण और मेंटेनेंस कार्य तथा मुरी स्टेशन पर ट्रैफिक पावर ब्लॉक के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं। सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोका गया है।

मुरी स्टेशन से चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित

मुरी स्टेशन पर चल रहे कार्यों के कारण रांची रेल मंडल की कई ट्रेनें पहले से प्रभावित हैं। 9 मई तक हटिया-आदित्यपुर-हटिया एक्सप्रेस, हटिया-खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस, रांची-खड़गपुर-रांची एक्सप्रेस, बोकारो स्टील सिटी-रांची मेमू और हटिया-सांकी मेमू की सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

इसके अलावा वर्द्धमान-हटिया मेमू आंशिक रूप से रद्द रही और 9 मई को गोमो-हटिया सेक्शन में भी इसका परिचालन प्रभावित रहेगा।

चक्रधरपुर मंडल में लंबे समय तक असर

चक्रधरपुर मंडल में कई ट्रेनों पर लंबी अवधि तक असर देखने को मिलेगा। हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस 2 जुलाई से 12 नवंबर तक रद्द रहेगी, जबकि रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस 5 जुलाई से 15 नवंबर तक नहीं चलेगी।

वहीं हटिया-झारसुगुड़ा मेमू जुलाई से नवंबर के बीच कई तारीखों में रद्द रहेगी। टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का परिचालन भी अलग-अलग तारीखों में प्रभावित होगा।

हटिया-पुरी तपस्विनी एक्सप्रेस भी कई दिनों में निर्धारित समय से करीब 1 घंटा 20 मिनट देरी से रवाना होगी।

बिलासपुर मंडल में भी ट्रेनें रहेंगी बंद

बिलासपुर मंडल में मेंटेनेंस कार्यों के कारण पुणे-हटिया एक्सप्रेस 10 और 14 जून को रद्द रहेगी, जबकि हटिया-पुणे एक्सप्रेस 12 और 15 जून को नहीं चलेगी।

इसके अलावा गया-एलटीटी, एलटीटी-गया, जसीडीह, सूरत और अन्य रूटों की कई ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। चर्लपल्ली-दरभंगा ट्रेन 9 से 12 जून तक रद्द रहेगी।

रांची-मुरी रेलखंड पर पेड़ गिरने से बढ़ी परेशानी

हाल ही में रांची-मुरी डाउन रेलखंड पर तेज हवा के कारण ट्रैक पर पेड़ गिर गया था, जिससे कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। इस दौरान गरीबरथ एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस और धनबाद इंटरसिटी जैसी ट्रेनें बीच रास्ते में रोकनी पड़ीं। यात्रियों को करीब 1 से डेढ़ घंटे तक देरी का सामना करना पड़ा।

बाद में रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक से पेड़ हटाया और परिचालन को सामान्य किया।

यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। रेलवे ने वैकल्पिक ट्रेन और दूसरे रूट की जानकारी लेने की भी सलाह दी है, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

यात्रियों से कहा गया है कि संभावित भीड़ और देरी को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version