रांची: सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर की स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर निगम ने निर्णय लिया है कि सावन के दौरान पहाड़ी मंदिर, सुरेश्वर धाम और स्वर्णरेखा नदी स्थित कांवड़ जल उठाव स्थल सहित प्रमुख शिवालयों की ओर जाने वाले मार्गों पर तीन पालियों में लगातार सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 1200 सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

रविवार और सोमवार को अतिरिक्त निगरानी

श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष रूप से रविवार और सोमवार को अतिरिक्त सफाई टीमें तैनात रहेंगी। पहाड़ी मंदिर परिसर और उसके मार्गों की सफाई एवं निगरानी के लिए 100 सफाई मित्रों को लगाया गया है, जबकि स्वर्णरेखा नदी स्थित जल उठाव स्थल पर 40 सफाईकर्मी लगातार सफाई व्यवस्था संभालेंगे।

इन कर्मचारियों की जिम्मेदारी कचरा उठाने, झाड़ियों की कटाई करने के साथ-साथ ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कर क्षेत्र को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना होगी।

शिवालयों के आसपास रहेगा प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र

नगर निगम ने सावन के दौरान प्रमुख शिवालयों और मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए विशेष निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

पेयजल के लिए टैंकरों की विशेष व्यवस्था

श्रद्धालुओं को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पहाड़ी मंदिर मार्ग पर छह, स्वर्णरेखा जल उठाव स्थल पर चार तथा चुटिया स्थित सुरेश्वर धाम में चार पानी के टैंकर रविवार और सोमवार को लगातार उपलब्ध रहेंगे।

189 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, शौचालयों पर भी विशेष ध्यान

रात के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पहाड़ी मंदिर, स्वर्णरेखा घाट और प्रमुख मार्गों पर लगी 364 स्ट्रीट लाइटों की जांच की गई। इनमें से 189 खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर दी गई है और आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें भी लगाई जा रही हैं।

इसके अलावा नगर निगम ने सभी मॉड्यूलर और सुलभ शौचालयों की नियमित सफाई और बेहतर रखरखाव के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं, ताकि सावन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version