रांची: राष्ट्रीय यक्ष्मा रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को रांची के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उलीडीह के अधीन चिन्हित हाई-रिस्क गांव में विशेष टीबी स्क्रीनिंग एवं जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. एस. बास्की के मार्गदर्शन में किया गया।

110 लोगों की हुई टीबी स्क्रीनिंग

शिविर के दौरान कुल 110 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। प्रारंभिक जांच के आधार पर 52 संभावित मरीजों का हैंड एक्स-रे किया गया, जिनमें 30 पुरुष और 22 महिलाएं शामिल थीं।

दो संदिग्ध टीबी मरीजों की पहचान

जांच के बाद दो संभावित टीबी मरीजों की पहचान की गई। दोनों को बीमारी की पुष्टि के लिए बलगम (स्प्यूटम) जांच कराने हेतु सैंपल कंटेनर उपलब्ध कराया गया है, ताकि समय पर जांच पूरी कर आवश्यक उपचार शुरू किया जा सके।

टीबी के प्रति लोगों को किया गया जागरूक

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को टीबी के लक्षण, समय पर जांच कराने और उपचार का पूरा कोर्स पूरा करने के महत्व के बारे में जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि टीबी का समय रहते पता चलने और नियमित इलाज से इस बीमारी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

स्वास्थ्यकर्मियों ने निभाई सक्रिय भूमिका

शिविर के सफल संचालन में डीपीसी राकेश राय, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, एसटीएस, एसटीएलएस, एक्स-रे तकनीशियन, सहिया और सहिया साथियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की जांच कराने और टीबी मुक्त समाज बनाने की अपील की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version