लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा जिले में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी एक थार गाड़ी में ब्राउन शुगर लेकर जा रहे थे। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

वाहन जांच के दौरान कार्रवाई

जानकारी के अनुसार चंदवा-लोहरदगा रोड पर अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की सूचना मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने अंचल अधिकारी के साथ मिलकर एक विशेष टीम का गठन किया।

इस टीम में थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक आदर्श कुमार, सहायक अवर निरीक्षक चंद्रदीप मेहता तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान काले रंग की एक थार गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी में दो युवक सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान साजन नायक के रूप में बताई, जो लोहरदगा के अंबेडकर नगर का निवासी है। वहीं दूसरे युवक की पहचान राजन कुमार महतो के रूप में हुई, जो ईंटा गांव का रहने वाला है।

सीट के नीचे छिपाकर रखी थी ब्राउन शुगर

पुलिस ने जब वाहन की गहन तलाशी ली तो चालक सीट के नीचे बिछे काले मैट के नीचे सफेद कागज में लिपटा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। जांच करने पर वह ब्राउन शुगर निकली।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 10 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से थार गाड़ी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में लोहरदगा थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



Share.
Leave A Reply

Exit mobile version