रांची : राजधानी रांची के बेड़ो इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 18 वर्षीय युवक ने हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान बिरसा उरांव के रूप में हुई है। वह गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था और किसी बात को लेकर प्रेमी-प्रेमिका के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद युवक ने यह कदम उठा लिया।

सुबह ग्रामीणों ने देखा शव

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह स्थानीय ग्रामीणों की नजर हाई टेंशन बिजली टावर पर पड़ी। लोगों ने देखा कि युवक का शव टावर से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

धीरे-धीरे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

बिजली आपूर्ति बंद कर नीचे उतारा गया शव

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामला हाई टेंशन लाइन से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने पहले बिजली विभाग से संपर्क किया।

विद्युत आपूर्ति बंद कराए जाने के बाद काफी सावधानी के साथ शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कई पहलुओं पर जांच जारी

पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है।

पुलिस युवक के करीबी लोगों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन परिस्थितियों में उसने इतना बड़ा कदम उठाया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version