रांची : रांची में रविवार को श्रीकृष्ण विकास परिषद यादव समाज की ओर से यदुवंशी संकल्प महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज के सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में राज्य के 24 जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए कैलाश यादव ने कहा कि यादव समाज के विकास के बिना समृद्ध राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि यादवों की अनदेखी कर सत्ता की प्राप्ति भी संभव नहीं हो सकती।

यादव समाज का इतिहास गौरवशाली : कैलाश यादव

कैलाश यादव ने कहा कि यादव जाति का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि यादव समाज क्षत्रिय परंपरा से जुड़ा हुआ है और राजवंशी होने के बावजूद पशुपालन की परंपरा को आगे बढ़ाता रहा है।

उन्होंने कहा कि यादव कुल के आराध्य देव भगवान श्रीकृष्ण हैं और समाज उनके आदर्शों एवं संकल्पों पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।

समाज को नहीं मिली पर्याप्त भागीदारी

सम्मेलन में बोलते हुए कैलाश यादव ने कहा कि समय के साथ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में कई बदलाव हुए, लेकिन आबादी के अनुपात में यादव समाज को उचित भागीदारी नहीं मिल सकी।

उन्होंने समाज को संगठित होकर अपने अधिकारों और भागीदारी के लिए आगे आने का आह्वान किया।

11 जून को मनाया जाएगा लालू यादव का जन्मदिन

सम्मेलन के दौरान यह निर्णय लिया गया कि लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन 11 जून को धुर्वा में धूमधाम से मनाया जाएगा।

इसके अलावा 18 दिसंबर को रांची के शहीद मैदान में राष्ट्रीय स्तर पर विराट महासम्मेलन आयोजित करने का भी फैसला लिया गया।

कई गणमान्य लोग हुए शामिल

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं संरक्षक नंदन यादव, अध्यक्ष सुरेश राय, श्रमिक नेता गोल्डन यादव, पत्रकार सुनील यादव, सेवानिवृत्त इंजीनियर देवबिहारी यादव, सुधीर गोप, विभाकर यादव, रजनी यादव और चंद्रिका यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version