रांची :भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे के दूसरे दिन रामगढ़ से बोकारो तक पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। रांची से बोकारो जाने के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग में फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और नारों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
रामगढ़ और बोकारो जिले की सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़ी। कई स्थानों पर पारंपरिक तरीके से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयकारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति उत्साह और समर्थन का प्रदर्शन किया।
दौरे के दौरान नितिन नवीन ने झारखंड आंदोलन और समाज के लिए योगदान देने वाले नेताओं को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। रामगढ़ स्थित निर्मल महतो चौक और मांडू के छतरपुर पहुंचकर उन्होंने स्वर्गीय निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
निर्मल महतो और छत्रु राम महतो को दी श्रद्धांजलि
इसके बाद बोकारो जाते समय उन्होंने स्वर्गीय छत्रु राम महतो की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों नेताओं के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया।
गोला से नया मोड़ तक दिखा उत्साह
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए रामगढ़ जिले के गोला और चितरपुर के अलावा बोकारो जिले के पेटरवार, जैनामोड़ और नया मोड़ में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे थे। सड़क किनारे बने स्वागत द्वारों और जगह-जगह लगाए गए स्वागत मंचों ने पूरे मार्ग को उत्सवी स्वरूप दे दिया।
काफिले के गुजरने के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नारे लगाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। कई स्थानों पर महिलाओं और युवाओं ने भी स्वागत कार्यक्रम में भागीदारी निभाई।
संगठन की एकजुटता का प्रदर्शन
इस दौरे को भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पार्टी की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रही है और राष्ट्रीय नेतृत्व का यह दौरा उसी दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, विधायक रौशन लाल चौधरी और पूर्व विधायक बिरंची नारायण समेत कई प्रमुख नेता शामिल थे।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने का संदेश दिया। रामगढ़ से बोकारो तक का यह दौरा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा और पूरे मार्ग में दिखाई दिया उत्साह चर्चा का विषय बना रहा।

