रांची : झारखंड में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से राज्य के मौसम में बदलाव शुरू होगा और कई जिलों में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना बन रही है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

पलामू रहा सबसे गर्म, कई जिलों में 40 पार

पिछले 24 घंटों में पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बोकारो में 43.5 डिग्री और जमशेदपुर में तापमान 41 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में भी पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा। तेज धूप और लू के कारण सड़कों पर सन्नाटा और लोगों की दिनचर्या में बदलाव साफ नजर आया।

5 दिनों तक बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने 25 से 30 अप्रैल तक राज्य में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। 25 अप्रैल से उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य झारखंड में बादलों की आवाजाही शुरू होगी।
26 से 28 अप्रैल के बीच संताल परगना और मध्य क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आंधी और तेज हवा चलने की संभावना है।

वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह

29 और 30 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम में इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। अगले पांच दिनों तक रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version