Ranchi : झारखंड में ठंड एक बार फिर तेजी पकड़ने वाली है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 23 नवंबर से राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग के अनुसार तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की कमी संभव है, जिससे राज्य में ठंड का असर तेजी से बढ़ेगा।

पिछले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से बढ़कर 14.6 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं अधिकतम तापमान 29 से 29.2 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज से हल्की गिरावट शुरू होगी, जो आगामी दो से तीन दिनों में अधिक स्पष्ट दिखाई देगी।

राजधानी सहित कई जिलों में ठंड से मिली थी राहत

रांची, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ समेत कई जिलों में पिछले दिनों ठंड का असर कम हुआ था। दिन का तापमान लगातार 28 से 30 डिग्री के बीच बना रहा, जबकि रात का तापमान 14 से 16 डिग्री रहा। इससे लोगों को ठंड से मामूली राहत मिली थी।

अगले 48 घंटे तापमान रहेगा स्थिर

मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

इसके बाद 23 नवंबर से तापमान में अचानक गिरावट देखने को मिल सकती है।

सुबह रहेगा कोहरा, दिन में चलेगी ठंडी हवा

मौसम विभाग के मुताबिक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, विशेषकर उत्तर और मध्य झारखंड में दृश्यता कम हो सकती है। दोपहर के बाद चलने वाली ठंडी हवाएं मौसम को और ठंडा करेंगी।

बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version