रांची : झारखंड में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में आंधी, बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से राज्य में प्री-मॉनसून गतिविधियां तेज हो रही हैं।
राजधानी रांची में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में बारिश का असर साफ दिखाई दिया, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं मेदिनीनगर में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है, लेकिन वहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 2.8 डिग्री कम हुआ है।
1 जून तक बारिश और तेज हवा के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 मई से 1 जून तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अभी केरल नहीं पहुंचा मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अभी तक केरल नहीं पहुंच पाया है। फिलहाल मॉनसून अंडमान-निकोबार और केरल के बीच सक्रिय है। हालांकि केरल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मॉनसून 29 मई से 3 जून के बीच केरल पहुंच सकता है। इसके बाद झारखंड में मॉनसून 14 से 17 जून के बीच दस्तक दे सकता है।
अल नीनो का दिख सकता है असर
मौसम विभाग ने इस बार अल नीनो के प्रभाव का भी जिक्र किया है। विभाग के अनुसार अल नीनो की वजह से इस वर्ष मॉनसून सामान्य से थोड़ा कमजोर रह सकता है, जिसका असर बारिश की मात्रा पर पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल प्री-मॉनसून बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
