रांची: राजधानी रांची में जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और अवैध जल कनेक्शनों पर रोक लगाने के लिए रांची नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम की जलापूर्ति शाखा और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन लीकेज, दूषित पेयजल की शिकायतें, खराब चापाकलों की स्थिति और अवैध जल कनेक्शनों की विस्तृत समीक्षा की गई।

दूषित जलापूर्ति की शिकायतों पर संयुक्त जांच के निर्देश

अपर नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 18 सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में गंदे पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम और पीएचईडी की संयुक्त टीम को पूरे जलापूर्ति नेटवर्क की बिंदुवार जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से समस्या के वास्तविक कारणों की पहचान कर उसका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

अवैध वाटर कनेक्शनों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

बैठक में राइजिंग लाइन से लिए गए अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सभी वार्डों में विशेष धावा दल गठित कर ऐसे अवैध कनेक्शनों की पहचान की जाएगी और संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जलापूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर जारी

नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए जलापूर्ति संबंधी शिकायतों के निवारण हेतु टोल फ्री नंबर 18005701235 जारी किया है। अपर नगर आयुक्त ने लोगों से अपील की कि जलापूर्ति, पाइपलाइन लीकेज या दूषित पानी से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना इस नंबर पर दें, ताकि शिकायत का शीघ्र समाधान किया जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version