रांची: राजधानी रांची में सिरमटोली–बहूबाजार कनेक्टिंग फ्लाईओवर निर्माण कार्य को लेकर आज से पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है। इस वजह से शहर के कई इलाकों में 30 और 31 मार्च को पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।

पाइपलाइन शिफ्टिंग के कारण जलापूर्ति प्रभावित

निर्माण कार्य के दौरान पुरानी पाइपलाइन को हटाकर नई पाइपलाइन बिछाने और उसे मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इस प्रक्रिया के कारण अस्थायी रूप से जलापूर्ति बंद की गई है।

पथ निर्माण विभाग द्वारा तकनीकी प्रक्रिया के तहत यह कार्य कराया जा रहा है, जिसके लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से आवश्यक अनुमति भी ली गई है।

इन इलाकों में रहेगा असर

विभागीय जानकारी के अनुसार बहूबाजार, सिरमटोली, पटेल चौक, मेकन चौक, योगदा सत्संग मठ, कांटाटोली और कोकर सहित आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

फ्लाईओवर परियोजना पर तेजी

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कनेक्टिंग फ्लाईओवर परियोजना का कार्य तेज गति से कराया जा रहा है। यह फ्लाईओवर सिरमटोली चौक से मेकन चौक और योगदा सत्संग मठ से बहूबाजार, कांटाटोली होते हुए कोकर तक बनाया जा रहा है।

करीब 1.25 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के निर्माण से शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

विभाग की अपील

विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे पानी का भंडारण पहले से कर लें, ताकि जलापूर्ति बाधित रहने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कार्य पूरा होने के बाद पानी की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version