रांची : झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो गया। विधानसभा परिसर स्थित मतदान कक्ष में विधायक बैलेट पेपर के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी। देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित होने की संभावना है।
मतदान को लेकर झारखंड विधानसभा परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। विधायकों की एंट्री और मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह नियंत्रित एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है। सुबह मतदान शुरू होते ही भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रदीप प्रसाद और वरिष्ठ नेता सीपी सिंह ने सबसे पहले अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद अन्य विधायकों का मतदान जारी रहा।
तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला
इस बार राज्यसभा चुनाव में कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस ने पीके झा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से बैद्यनाथ राम चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार मुकाबला मुख्य रूप से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के बीच माना जा रहा है। विधानसभा में संख्या बल और वरीयता वोटों के समीकरण ने चुनाव को रोचक बना दिया है।
महागठबंधन ने जताया जीत का भरोसा
इंडिया गठबंधन ने दोनों राज्यसभा सीटों पर जीत का दावा किया है। विधानसभा के मौजूदा आंकड़ों के अनुसार झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा माले को मिलाकर गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन है।
गठबंधन नेताओं का कहना है कि पर्याप्त संख्या बल होने के कारण दोनों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय है। मतदान से पहले हुए मॉक ड्रिल में भी गठबंधन ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया था।
एनडीए के सामने चुनौती
दूसरी ओर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पास कुल 24 विधायकों का समर्थन है। राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार की जीत के लिए 28 वोटों की आवश्यकता होती है। ऐसे में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को जीत के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा।
राजनीतिक हलकों में क्रॉस वोटिंग और दूसरी वरीयता के वोटों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों ही अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं।
शाम तक साफ होगी तस्वीर
मतदान समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि झारखंड से राज्यसभा की दोनों सीटों पर किस उम्मीदवार ने जीत हासिल की है। पूरे राज्य की निगाहें अब चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं।
