रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम हाई स्कूल, अमन नगर में जर्जर सड़क और जलनिकासी की समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और राज्य सरकार से शीघ्र पीसीसी सड़क एवं पक्की नाली निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
बारिश में कीचड़ और जलजमाव से बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलजमाव से भर जाती है। सबसे अधिक परेशानी ग्राम हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को होती है, जिन्हें प्रतिदिन इसी रास्ते से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। फिसलन और जलभराव के कारण कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। वहीं स्थानीय लोगों का दैनिक आवागमन भी इस सड़क की खराब स्थिति के कारण प्रभावित हो रहा है।
सात वर्षों से लगा रहे गुहार
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले सात वर्षों के दौरान नगड़ी प्रखंड प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को कई बार आवेदन देकर पीसीसी सड़क और पक्की नाली निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सड़क और नाली निर्माण की उठी मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पीसीसी सड़क और पक्की नाली का निर्माण कराया जाता है तो न केवल जलजमाव की समस्या दूर होगी, बल्कि आवागमन भी सुगम होगा। इससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और झारखंड सरकार से मांग की है कि वर्षों से लंबित इस समस्या का स्थायी समाधान करते हुए जल्द से जल्द पीसीसी सड़क और पक्की नाली निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।
