रां

रांची : राजधानी रांची में 24 मई को होने वाली संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल कार्यालय में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने की।

इस वर्ष रांची जिले के कुल 36 परीक्षा केंद्रों पर 16 हजार 531 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला पेपर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक होगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक लिया जाएगा।

बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी गई। आयुक्त के सचिव आलोक कुमार ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की ब्रीफिंग दी।

केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं का निर्देश

प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और बैठने की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी केंद्र पर मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।

साथ ही परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण परीक्षा से एक दिन पहले पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि समय रहते किसी भी कमी को दूर किया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी

यूपीएससी परीक्षा को लेकर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अलावा अलग से पुलिस टीम भी मौजूद रहेगी, जिसमें तीन पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से शामिल होंगे।

परीक्षार्थियों की एंट्री के दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका की सुरक्षा पर जोर

प्रशासन ने प्रश्न पत्रों की सुरक्षित ढुलाई और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को जीपीओ तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी भी तय कर दी है।

आयुक्त ने कहा कि 23 और 24 मई को परीक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और इन तारीखों में किसी अन्य कार्यक्रम को नहीं रखा जाएगा।

एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की होगी जांच

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड का पहचान पत्र से मिलान अनिवार्य रूप से किया जाएगा। अधिकारियों को यूपीएससी की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में आयुक्त के सचिव आलोक कुमार, रांची के नगर पुलिस अधीक्षक, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, निदेशक पोस्टल सर्विस, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और स्कूल-कॉलेजों के शिक्षक समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version