जामताड़ा : जामताड़ा प्रखंड के नवाडीह गांव में जनगणना 2026 के तहत चल रही नक्शा मैपिंग को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। कथित गड़बड़ी के विरोध में सैकड़ों ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।

नक्शा संख्या बदलने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि नवाडीह गांव की नक्शा संख्या 0009 को बदलकर 0226 कर दिया गया है। उनका कहना है कि यह संख्या करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र से संबंधित है। ग्रामीणों के अनुसार इस बदलाव के कारण गांव के लगभग 70 प्रतिशत से अधिक लोगों की मैपिंग मोहनपुर पंचायत में दर्ज हो गई है।

सरकारी योजनाओं पर असर की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस त्रुटि को जल्द नहीं सुधारा गया तो भविष्य में सरकारी योजनाओं, दस्तावेजों और प्रशासनिक कार्यों में गंभीर परेशानियां उत्पन्न हो सकती हैं। लोगों ने इसे तकनीकी गलती नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही बताया।

नई टीम से दोबारा मैपिंग की मांग

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि वर्तमान टीम को हटाकर नई टीम के माध्यम से नवाडीह गांव की दोबारा मैपिंग कराई जाए, ताकि सही रिकॉर्ड तैयार हो सके। प्रदर्शन में मनोज मंडल, बापी दास, एजाज खान, समीम खान, मोबीन खान, संजय दास, मनोज दास और शमशेर खान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा

मामले पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि जनगणना मैपिंग का कार्य प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों के जरिए कराया जा रहा है। यदि किसी स्तर पर गलती हुई है तो उसमें सुधार संभव है। उन्होंने बताया कि पहले भी तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं, जिन्हें ठीक किया गया था। नवाडीह मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version