रांची: झारखंड में शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग जिलों से दर्दनाक हादसों की खबर सामने आई है। पाकुड़ में ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी एक युवक के लिए भारी पड़ गई, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में तेज रफ्तार बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोनों घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।

मालगाड़ी की चपेट में आया युवक

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सोना जोड़ी निवासी शाहनवाज अंसारी सुबह एक हादसे का शिकार हो गए। यह घटना प्लेटफॉर्म संख्या-2 की है, जहां वे ट्रेन पकड़ने के लिए जल्दबाजी कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाहनवाज खड़ी मालगाड़ी के ऊपर से शॉर्टकट लेने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रेन चल पड़ी, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

बोलेरो हादसे में उड़े परखच्चे

वहीं पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी में सुबह करीब 5 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोयडा से चक्रधरपुर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो नोवामुंडी ओवरब्रिज के पिलर के पास अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी घूमकर विपरीत दिशा में जा खड़ी हुई।

एयरबैग ने बचाई जान

हादसे में वाहन चला रहे मालिक परमेश्वर नायक के सिर में गंभीर चोट आई और वे बेहोश हो गए। वहीं उनके साथ बैठे पोरेश दिउरी ने सीट बेल्ट पहन रखी थी, जिससे हादसे के दौरान एयरबैग खुल गया और उनकी जान बच गई। उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

जांच में जुटी पुलिस

दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और हादसों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Share.
Leave A Reply

Exit mobile version