चतरा: झारखंड पुलिस को उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के हार्डकोर उग्रवादी नरेश गंझू उर्फ रविकांत (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह चतरा जिले के लावलौंग थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

गुप्त स्थान पर पूछताछ जारी

सूत्रों के अनुसार गिरफ्तारी के बाद नरेश गंझू उर्फ रविकांत को एक गुप्त स्थान पर रखकर सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान टीएसपीसी के नेटवर्क, हथियारों के ठिकानों, लेवी वसूली के तंत्र और संगठन की गतिविधियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।

मोस्ट वांटेड सूची में था शामिल

जानकारी के मुताबिक नरेश गंझू उर्फ रविकांत लंबे समय से झारखंड पुलिस की मोस्ट वांटेड उग्रवादियों की सूची में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी को टीएसपीसी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इससे संगठन की गतिविधियों पर प्रभाव पड़ सकता है।

जल्द हो सकता है आधिकारिक खुलासा

सूत्रों के अनुसार पूछताछ पूरी होने के बाद झारखंड पुलिस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उससे जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई को उग्रवाद के खिलाफ चल रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version